12 सितंबर 2020 - 19:08
अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, सीबीआई ने पूर्व रक्षा सचिव सहित कई अधिकारियों के ख़िलाफ़ चार्जशीट दर्ज करने की इजाज़त मांगी

भारत के केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 3,600 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले के संबंध में पूर्व रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा के ख़िलाफ मुकद्दमा चलाने की अनुमति मांगी है।

सीबीआई ने इसके अलावा पूर्व एयर वाइस मार्शल जसबीर सिंह पनेसर, पूर्व डिप्टी चीफ़ टेस्ट पायलट एसए कुंटे, विंग कमांडरथॉमस मैथ्यू और ग्रुप कैप्टन एन. संतोष के ख़िलाफ़ भी मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी है।

सूत्रों का कहना है कि सीबीआई वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले में कथित भ्रष्टाचार मामले में बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल के ख़िलाफ़ पूरक चार्जशीट दाखिल करने के लिए तैयार है।

जांचकर्ताओं को शर्मा और भारतीय वायुसेना के चार पूर्व अधिकारियों के खिलाफ सबूत मिले हैं जिसके बाद उन्होंने इनके ख़िलाफ केस चलाने के लिए मंज़ूरी मांगी है।

अधिकारियों ने बताया कि पूरक आरोपपत्र में सीबीआई कुछ पूर्व अधिकारियों की भूमिका का भी उल्लेख कर सकती है जो हेलिकॉप्टर्स की खरीद के समय निर्णायक पदों पर थे।

सीबीआई के अनुसार इस सौदे के लिए तकनीकी ज़रूरतों को बदल दिया गया था ताकि अगस्ता वेस्टलैंड को इससे फ़ायदा पहुंच सके।

ज्ञात रहे कि 2013 में संयुक्त प्रगति शील गठबंधन सरकार के समय अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाला सामने आया था। इसमें कई भारतीय राजनेताओं और सैन्य अधिकारियों पर अगस्ता वेस्टलैंड से बड़ा घूस लेने का आरोप है।